Showing posts with label निदा फाज़ली. Show all posts
Showing posts with label निदा फाज़ली. Show all posts

Saturday, December 12, 2009

एक शायर

धूप में निकलो घटाओं में नहा कर देखो

ज़िन्दगी क्या है किताबों को हटाकर देखो


सिर्फ आंखों से ही दुनिया नहीं देखी जाती

दिल की धड़कन को भी बीनाई बनाकर देखो


पत्थरों  में  भी  ज़बां होती है दिल  होते हैं

अपने घर की दरो-ओ-दीवार सजा कर देखो


वो सितारा है चमकने दो यूं ही उसे आंखों में

क्या  ज़रूरी  है  उसे जिस्म  बना कर  देखो


फ़ासला नज़रों का धोका भी तो हो सकता है

चांद  जब  चमके  ज़रा हांथ  बढ़ा कर  देखो


                                                                                   - निदा फ़ाज़ली

-----------------------------------------------------------------------

बीनाई - आंखों की रौशनी

दर-ओ-दीवार - दरवाज़े और दीवारें


Wednesday, December 2, 2009

उसके दुश्मन हैं बहुत

उसके दुश्मन हैं बहुत आदमी अच्छा होगा

वो भी मेरी तरह इस शहर में तन्हा होगा


इतना सच बोल कि होंठों का तबस्सुम न बुझे

रोशनी   ख़त्म   न   कर   आगे   अंधेरा   होगा


प्यास जिस नहर से टकराई वो बंजर निकली

जिसको पीछे कहीं छोड़ आये वो दरिया होगा


एक महफ़िल में कई महफ़िलें होती हैं शरीक

जिसको   भी   पास   से   देखोगे अकेला होगा


मेरे   बारे   में   कोई   राय   तो होगी उसकी

उसने मुझको भी कभी तोड़ के   देखा  होगा


                                                             - निदा फ़ाज़ली
-----------------------------------------------
---------------------------

होंठों का तबस्सुम - होंठों की मुस्कुराहट


शरीक -  शामिल

Tuesday, November 24, 2009

जब किसी से कोई गिला रखना

जब किसी से कोई गिला रखना


सामने अपने आईना रखना





यूं उजालों से वास्ता रखना


शम्मा के पास ही हवा रखना





घर की तामीर चाहे जैसी हो


इसमें रोने की कुछ जगह रखना





मस्जिदें हैं नमाज़ियों के लिये


अपने घर में भी कहीं ख़ुदा रखना





- निदा फाज़ली

Wednesday, November 18, 2009

इंसान

इंसान में हैवान

यहां भी है वहां भी

अल्लाह निगेहबान

यहां भी है वहां भी

खूंखार दरिन्दो के

फ़क़त नाम हैं अलग

शहरों में बियाबान

यहां भी है वहां भी

रहमान की कुदरत हो

या भगवान की मूरत

हर खेल का मैदान

यहां भी है वहां भी

हिन्दू भी मज़े में

हैं मुसलमां भी मज़े में

इन्सान परेशान

यहां भी है वहां भी

-

निदा फ़ाज़ली