Thursday, December 31, 2009

एक शायर

रात भर एक जिस्म था जिस पर कई ख़न्जर चले

दिन निकल आया तो हर सिम्त से पत्थर चले


अपने सब मंज़र लुटा कर शाम रुख़्सत हो गई

तुम भी वापस लौट जाओ हम भी अपने घर चले


नींद की सारी तन्नाबें टूट कर गिरती गईं

मुझ को तन्हा छोड़ कर ख़्वाबों के सब पैकर चले


क़र्ब जब तख़लीक का हद से सवा होने लगा

अपने फ़न को नामुकम्मल छोड़ कर आज़र चले


कोई सूरत हो के टूटे भी सुकूते दिल "शमीम"

यह आंधी जिस्म के बाहर है अब अंदर चले


                                                -:  शमीम फ़ारुक़ी

-----------------------------------------------------

सिम्त :  दिशा
तन्नाबें :  रस्सी
पैकर :  आकार
कर्ब :  वेदना
तख़लीक़ : रचना
फ़न :  कला
नामुकम्मल : अधूरा
आज़र :  पीड़ित
सुकूते दिल : दिल की शान्ति

Saturday, December 26, 2009

जिगर मुरादाबादी

निगाहों का मरकज़ बना जा रहा हूं

मुहब्बत  के  हांथों लुटा  जा रहा हूं


न जाने कहां से, न जाने किधर को

बस एक अपनी धुन में उड़ा जा रहा हूं


मुझे  रोक  सकता  हो  कोई  तो  रोके

कि  छुपकर  नहीं  बरमला  जा रहा हूं


                                          
----------------------------------------
बरमला - खुल्लम खुल्ला

--------------------------------
---------------------------------

-:-:-

सुन तो ए दिल यह बरहमी क्या है

आज   कुछ   दर्द   में   कमी   क्या  है


जिस्म  महदूद , रूह  ला - महदूद

फिर  यह  रफ्ते  बाहमी  क्या  है


ऎ फलक ! अब तो तुझ को दिखला दूं

ज़ोरे    बाज़ु - ए -बेकसी   क्या   है


हम  नहीं  जानते  मुहब्बत  में

रंज  क्या  चीज़  है,  ख़ुशी  क्या  है


एक नफ़स ख़ुल्द एक नफ़स दोज़ख

कोई   पूछे   ये   ज़िन्दगी   क्या  है



                                               - जिगर मुरादाबादी


--------------------------------------------
बरहमी : गुस्सा

महदूद : सीमित

ला-महदूद : असीमित

रब्ते बाहमी : आपसी संबध

नफ़स : इच्छा, चाहत

ख़ुल्द : जन्नत, स्वर्ग

दोज़ख : जहन्नम, नर्क

Tuesday, December 22, 2009

दुनिया सजी हुई है

दुनिया   सजी  हुई  है   बाज़ार   की तरह

हम  भी  चलेंगे  आज  ख़रीदार  की तरह


टूटे  हों  या  पुराने हों  अपने तो  हैं यही

ख़्वाबों को जमा करता हूं आसार  की तरह


यह  और बात  है कि  नुमाया  रहूं मगर

दुनिया  मुझे  छुपाए  है  आज़ार  की तरह


मेरी किताबे ज़ीस्त तुम एक बार तो पढ़ो

फिर  चाहे फैंक दो किसी अख़बार की तरह


अब ज़िन्दगी की धूप भी सीधा करेगी क्या

अब तक तो कज़ रहा तेरी दस्तार की तरह

                                                                            - सबा जायसी
--------------------------------------------------------------------------------

आसार - खंडहर

नुमाया - उजागर

आज़ार - पीढ़ा

ज़ीस्त - ज़िन्दगी

कज - टेढ़ा

दस्तार - पगड़ी